Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 29 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
5 फीट का मगरमच्छ कंधे पर उठाकर बाइक से चंबल नदी तक ले गया युवक कोटा का वीडियो वायरल

राजस्थान के कोटा से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां एक पांच फीट लंबे मगरमच्छ के रिहायशी इलाके में पहुंचने से हड़कंप मच गया। इसके बाद समाजसेवी हयात खान उर्फ 'टाइगर' ने मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया, उसे कंधे पर उठाया और बाइक से चंबल नदी तक ले जाकर वन विभाग की मौजूदगी में छोड़ दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह मामला राजस्थान के कोटा जिले के इटावा क्षेत्र के रामपुरिया धाबाई गांव का है। चंबल, कालीसिंध और पार्वती नदियों के किनारे बसे इस गांव में बारिश के दौरान जंगली जानवरों के आबादी में आने की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। इस बार करीब 5 फीट लंबा और 45 से 50 किलो वजनी मगरमच्छ बस्ती तक पहुंच गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग और समाजसेवी हयात खान उर्फ 'टाइगर' को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने सावधानीपूर्वक मगरमच्छ को बिना नुकसान पहुंचाए काबू किया। सुरक्षा के लिहाज से उसके जबड़े और पैरों को टेप से बांधा गया ताकि रेस्क्यू के दौरान किसी को चोट न पहुंचे।

रेस्क्यू के बाद हयात खान ने मगरमच्छ को अपने कंधे पर उठाया और फिर उसे गोद में लेकर बाइक से चंबल नदी तक पहुंचे। वहां वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस अनोखे रेस्क्यू का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि सिर्फ तीन दिनों के भीतर रामपुरिया धाबाई गांव में मगरमच्छ निकलने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले भी एक छोटा मगरमच्छ गांव के एक मकान में घुस आया था, जिसे सुरक्षित रेस्क्यू कर नदी में छोड़ा गया था। लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ आबादी वाले इलाकों तक पहुंच रहे हैं।

वन विभाग और वन्यजीव विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं मगरमच्छ दिखाई दे तो उसके पास जाने, उसे पकड़ने या भगाने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से वन्यजीव को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।

Previous News

अंकिता पटेल' बनकर बिछाते थे हनीट्रैप का जाल, 2 महिलाओं समेत 10 आरोपी गिरफ्तार

Next News

गुरु पूर्णिमा पर मथुरा के आसाराम आश्रम में सत्संग और भंडारे का आयोजन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़