Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 29 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
अंकिता पटेल' बनकर बिछाते थे हनीट्रैप का जाल, 2 महिलाओं समेत 10 आरोपी गिरफ्तार

गुजरात के साबरकांठा जिले में पुलिस ने एक बड़े हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह सोशल मीडिया पर 'अंकिता पटेल' नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। होटल या सुनसान जगह बुलाकर उनके साथ मारपीट और लूटपाट की जाती थी। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

साबरकांठा पुलिस के मुताबिक पूरे मामले का खुलासा डेरोल-हिम्मतनगर हाईवे पर हुई लूट और एक व्यक्ति की मौत की जांच के दौरान हुआ। जांच में सामने आया कि उनावा गांव निवासी जगदीश प्रजापति को 'अंकिता पटेल' नाम के फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए संपर्क कर हिम्मतनगर बुलाया गया था। वहां आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद सदमे में उनका ब्लड प्रेशर गिर गया और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर गिरोह का पीछा किया। मुखबिर की सूचना पर दो कारों को रोककर कार्रवाई की गई, जहां से दो युवतियों समेत कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पूरे हनीट्रैप रैकेट का खुलासा हुआ।

जांच में पता चला कि गिरोह का मास्टरमाइंड फेसबुक और इंस्टाग्राम पर 'अंकिता पटेल' जैसे नामों से फर्जी प्रोफाइल बनाता था। इसके बाद अधिक उम्र के पुरुषों से दोस्ती कर व्हाट्सएप कॉल और चैट के जरिए उनका भरोसा जीता जाता था। फिर उन्हें होटल या सुनसान स्थान पर मिलने के लिए बुलाकर मारपीट की जाती और नकदी, मोबाइल व अन्य सामान लूट लिया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15.85 लाख रुपये का सामान बरामद किया है, जिसमें दो कारें और 14 मोबाइल फोन शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के कई सदस्यों पर पहले से लूट, हनीट्रैप और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं।

साबरकांठा पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित पीड़ितों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने गुजरात के अन्य जिलों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

 
 
Previous News

बाबा बनकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, हिप्नोटाइज कर उड़ाते थे नकदी और जेवरात

Next News

5 फीट का मगरमच्छ कंधे पर उठाकर बाइक से चंबल नदी तक ले गया युवक कोटा का वीडियो वायरल