महाराष्ट्र FDA ने 27 जुलाई को मुंबई के सात प्रमुख क्लबों, रेस्तरां और कैंटीनों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान कई जगहों पर खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। इसके बाद क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI), आरके जुहू जिमखाना, अपर्णा जुहू जिमखाना, MIG क्रिकेट क्लब और विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब के FSSAI लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए।
निरीक्षण के दौरान क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया की रसोई और फूड हैंडलिंग एरिया में जिंदा कॉकरोच और मक्खियां, खराब सब्जियां, एक्सपायर खाद्य सामग्री, जाम नालियां और भोजन के अनुचित भंडारण जैसी गंभीर कमियां मिलीं। अधिकारियों ने इसे सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए खतरा बताया।
MIG क्रिकेट क्लब में बिना वैध FSSAI लाइसेंस के एक कैटरिंग एजेंसी के संचालन का मामला सामने आया। वहीं खाद्य पदार्थों के गलत भंडारण, कीटों की मौजूदगी, खाद्य एवं पानी की जांच के रिकॉर्ड की कमी और प्रशिक्षित तकनीकी स्टाफ नहीं मिलने जैसी खामियां भी पाई गईं।
आरके जुहू जिमखाना और अपर्णा जुहू जिमखाना में भी रसोई की खराब सफाई, जंग लगे उपकरण, कर्मचारियों द्वारा ग्लव्स, कैप और एप्रन का इस्तेमाल न करना तथा खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी सामने आई। विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब में भी खराब ड्रेनेज, गंदी फर्श, क्षतिग्रस्त छत और तापमान निगरानी जैसी व्यवस्थाओं में गंभीर लापरवाही मिली।
इसके अलावा मलाड स्थित गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब में बिना वैध लाइसेंस के फूड बिजनेस संचालित होने पर उसे तत्काल बंद करने का आदेश दिया गया, जबकि एक अन्य प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया। FDA ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए पूरे महाराष्ट्र में ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।