मथुरा। जैंत थाना क्षेत्र के राल गांव निवासी 20 वर्षीय कान्हा के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। युवक के परिजनों ने पुलिस पर जांच में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित पिता ब्रजेंद्र सिंह ने बताया कि 10 जुलाई की शाम कान्हा घर से अपनी ससुराल जानू गांव जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। अगले दिन उसकी मोटरसाइकिल मथुरा जंक्शन के मालगोदाम रोड स्थित रेलवे गेट के सामने लावारिस हालत में बरामद हुई, जिसके बाद से उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
परिजनों की शिकायत और एसएसपी के हस्तक्षेप के बाद थाना शहर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच चौकी बागबहादुर पुलिस को सौंपी गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में शिवकुमार और माया के नाम सामने आए थे। परिजनों का दावा है कि पुलिस ने दोनों से पूछताछ भी की, जिसमें कथित रूप से शिवकुमार ने कान्हा को मोबाइल दिलाने और माया ने उसके लिए पैसे देने की बात स्वीकार की। इसके बावजूद पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर युवक का जल्द पता लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए युवक की तलाश की जा रही है।