मथुरा के कोसीकलां में नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए गुरूषगंज बाजार में बुलडोजर चलाया। सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। एसडीएम मनोज कुमार ने साफ कहा कि कोसी का बाजार पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा और किसी भी अतिक्रमणकारी को बख्शा नहीं जाएगा।
सोमवार को उप जिलाधिकारी एवं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में गुरूषगंज बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया तथा कई स्थानों से सामान भी जब्त किया।
अधिकारियों के मुताबिक अभियान के दौरान अपेक्षा से अधिक अतिक्रमण मिला, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। प्रशासन का कहना है कि संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस देकर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी कब्जे नहीं हटाए गए। इसके बाद कार्रवाई करना आवश्यक हो गया।
एसडीएम मनोज कुमार ने कहा कि गुरूषगंज बाजार को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान मंगलवार को भी जारी रहेगा और जिन लोगों ने सड़क या सरकारी भूमि पर कब्जा किया है, उनकी पैमाइश कराई जाएगी। यदि किसी ने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया तो उसके खिलाफ जुर्माना, सामान जब्ती और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।