Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 20 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
ससुर और पति पर प्रताड़ना का आरोप, बहू ने कोतवाली में लगाई इंसाफ की गुहार

थाना कोतवाली क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद पुलिस तक पहुंच गया। महोली रोड स्थित अधिवक्ता मुकेश चतुर्वेदी की पुत्री आकांक्षा चतुर्वेदी ने अपने पति अनुपम चतुर्वेदी और ससुर कामेश्वर प्रसाद चतुर्वेदी पर प्रताड़ना, मारपीट और घर से निकालने के आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी को शिकायत पत्र सौंपा है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2020 में उनका विवाह चौबच्चा मोहल्ला निवासी अनुपम चतुर्वेदी के साथ हुआ था। विवाह के बाद उन्हें पता चला कि उनके पति के किसी अन्य युवती से संबंध हैं और वह नशे का सेवन भी करते हैं। उनका कहना है कि यह जानकारी विवाह से पहले उनसे छिपाई गई। महिला का आरोप है कि पति शराब के नशे में अक्सर मारपीट करता था और समाज की लोक-लाज के कारण वह लंबे समय तक यह सब सहन करती रही। बाद में उसके साथ मारपीट कर उसे उसके बच्चे सहित घर से निकाल दिया गया।

महिला का कहना है कि इसके बाद वह अपने परिवार के पास मुंबई चली गई और न्याय पाने के लिए लगातार पुलिस और संबंधित अधिकारियों के पास शिकायत करती रही। उनका यह भी आरोप है कि जब भी उन्होंने ससुराल लौटने का प्रयास किया, उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई।

वहीं, शिकायत की जानकारी मिलने पर थाना कोतवाली पहुंचे ससुर कामेश्वर प्रसाद चतुर्वेदी ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि उनकी पुत्रवधू स्वयं घर से लाखों रुपये के जेवरात लेकर चली गई थी, जिसकी शिकायत पहले ही दर्ज कराई जा चुकी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ दिन पहले उनके पुत्र के साथ मारपीट हुई थी, जिसका उपचार आगरा में कराया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि पति-पत्नी के बीच तलाक का मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नोट: इस खबर में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता और दूसरे पक्ष के अपने-अपने दावे हैं। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है और अंतिम सत्यापन जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।

Previous News

मथुरा जंक्शन पर मजिस्ट्रेट चेकिंग, 21 बेटिकट यात्रियों से ₹23 हजार का जुर्माना वसूला

Next News

भूतेश्वर पुल के नीचे 15-20 दिन पहले डली 6 करोड़ की पाइपलाइन - भूतेश्वर पुल के नीचे फिर भरा पानी