गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। परिक्रमा मार्ग पर कई स्थानों पर बिजली के तार बेहद नीचे लटक रहे हैं, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है। सावन और बारिश के मौसम में यह खतरा और भी बढ़ गया है।
गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने पहुंचते हैं। लेकिन मार्ग पर कई जगह बिजली के तार झुके हुए और नीचे लटके दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि यदि समय रहते इन तारों को ठीक नहीं कराया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है, खासकर बरसात के दौरान करंट फैलने का खतरा अधिक रहता है।
श्रद्धालुओं ने बिजली विभाग और प्रशासन से मांग की है कि परिक्रमा मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर सभी जर्जर और नीचे लटके तारों को हटाया जाए या सुरक्षित ऊंचाई पर किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।