उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में लगातार हो रही बारिश ने बड़ा हादसा कर दिया। फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर गांव में एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। लगातार बारिश के कारण कच्चा मकान कमजोर हो गया था और अचानक ढह गया। मकान गिरते ही परिवार के सभी सदस्य मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
घंटों की मशक्कत के बाद मलबे से सात लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें 52 वर्षीय इस्लामुद्दीन, आठ महीने का जीशान, दो वर्षीय आहद, पांच वर्षीय अलशिफा और करीब 12 वर्षीय रुकसार की मौत हो चुकी थी। वहीं रुकैया और सुमैया गंभीर रूप से घायल मिलीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
बुढ़ाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित किया, जबकि दोनों घायल बच्चियों का इलाज जारी है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लगातार बारिश के कारण मकान के कमजोर होकर गिरने की बात सामने आई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।