वृंदावन। विश्व प्रसिद्ध ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर परिसर के बाहर सोमवार को श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार, मंदिर के गेट संख्या-4 पर वीआईपी रेलिंग के पास अत्यधिक भीड़ होने के कारण धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद पुलिस और दिल्ली से आए एक श्रद्धालु युवक के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर मौके पर तैनात महिला सिपाही और अन्य पुलिसकर्मियों ने युवक के साथ मारपीट की। इस दौरान मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हंगामा बढ़ता देख पुलिस युवक को चौकी ले गई। बताया जा रहा है कि बाद में युवक द्वारा माफी मांगने पर पुलिस ने उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
घटना के वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस के व्यवहार को लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।