बुलंदशहर के औरंगाबाद थाना क्षेत्र में फैंटम ड्यूटी पर तैनात सिपाही की आत्महत्या के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। आत्महत्या के पीछे प्रताड़ना के आरोपों की जांच की जा रही है।
बता दें कि औरंगाबाद के लखावटी क्षेत्र में फैंटम ड्यूटी पर तैनात 2025 बैच के सिपाही सुधीर ने तड़के करीब तीन बजे नहर पटरी पर अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली थी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सिपाही सुधीर आगरा के इरादतनगर थाना क्षेत्र के गांव संगेचा का रहने वाला था।
घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। परिजनों और अन्य लोगों ने सिपाही को प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगाए। आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी बुलंदशहर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए औरंगाबाद थाना प्रभारी राहुल कुमार, सिपाही अंकित गुर्जर और एक अन्य सिपाही सुधीर (नाम समान होने के कारण विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार) को लाइन हाजिर कर दिया।
एसएसपी ने पूरे मामले में विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि क्या मृतक सिपाही को वास्तव में प्रताड़ित किया जा रहा था और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।