कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। मारियप्पनपाल्या स्थित सेंट फिलोमेना स्कूल के 7वीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर शिक्षकों की प्रताड़ना और मारपीट से परेशान होकर आत्महत्या की कोशिश की। छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
छात्र के माता-पिता का आरोप है कि शिक्षकों ने उनके बेटे के साथ कई बार मारपीट की और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जिससे वह गहरे तनाव में आ गया। परिवार ने स्कूल प्रबंधन और संबंधित शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, दक्षिण-पश्चिम बेंगलुरु के डीसीपी ने कहा है कि अभी तक परिवार की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है क्योंकि छात्र की हालत गंभीर है। पुलिस को अस्पताल से मेडिको-लीगल केस (MLC) की सूचना मिली है और शुरुआती जांच शुरू कर दी गई है। शिकायत मिलने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या छात्र के इस कदम के पीछे स्कूल में कथित प्रताड़ना वजह बनी।