मथुरा की गोवर्धन थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से तीन फर्जी आधार कार्ड, एक मोबाइल फोन और करीब 1.2 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी पहचान बनाकर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस के मुताबिक, 13 जुलाई की रात करीब साढ़े नौ बजे थाना गोवर्धन पुलिस ने नगला सपेरा जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग के दौरान देवसेरस निवासी 26 वर्षीय साहिद पुत्र साहुन को गिरफ्तार किया। आरोपी गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित चल रहा था।
तलाशी के दौरान उसके पास से पोको कंपनी का एक मोबाइल फोन, तीन फर्जी आधार कार्ड और 1200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी फोटो लगाकर फर्जी आधार कार्ड तैयार करता था। इन आधार कार्डों के जरिए फर्जी सिम हासिल कर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए अपनी पहचान छिपाता था और लोगों को फोन, लिंक और ओटीपी के माध्यम से झांसे में लेकर उनके खातों से धनराशि ट्रांसफर कर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, साइबर ठगी, हत्या के प्रयास, लूट, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 18 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
गोवर्धन थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके नेटवर्क और साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।