उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने गोरखपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू को मुठभेड़ में मार गिराया। कार्रवाई के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें एसटीएफ का एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गया। घायल जवान का इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, यूपी एसटीएफ की लखनऊ और गोरखपुर यूनिट को सूचना मिली थी कि एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू गोरखपुर में मौजूद है। सूचना के आधार पर रामनगर करजहा से कुशीनगर लेन के पास घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बाबू पर उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और अन्य गंभीर अपराधों समेत कई मुकदमे दर्ज थे। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ का एक हेड कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसका उपचार कराया जा रहा है। मौके से पुलिस ने एक .32 बोर की पिस्टल, आरोपी की मोटरसाइकिल तथा बड़ी संख्या में जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।