बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में उस समय बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया, जब जनशक्ति जनता दल (JJD) की उम्मीदवार वीणा मानवी को नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के बाद सियासी माहौल गरमा गया।
JJD प्रमुख तेज प्रताप यादव ने गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश करार देते हुए आरोप लगाया कि उनकी उम्मीदवार को झूठे मामले में फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर इस मामले को लेकर अदालत का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वीणा मानवी के खिलाफ वर्ष 2009-10 के एक कथित धोखाधड़ी (420) मामले में कार्रवाई की गई है। हालांकि, गिरफ्तारी के समय इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।
वीणा मानवी ने गिरफ्तारी के बाद कहा कि उन्हें सुनियोजित राजनीतिक साजिश के तहत निशाना बनाया गया है। फिलहाल मामले को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है और पूरे घटनाक्रम पर सभी की नजर बनी हुई है।