हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) होने से सड़कें मलबे में दब गई हैं, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण 120 से अधिक सड़कें, जिनमें तीन राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं, बंद हो गए हैं। यमुनोत्री और गंगोत्री हाईवे पर कई स्थानों पर मलबा आने और सड़कें क्षतिग्रस्त होने से आवाजाही बाधित है। प्रशासन ने कई जगहों पर राहत और बचाव दल तैनात किए हैं तथा फंसे यात्रियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालने का अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं हिमाचल प्रदेश में भी लगातार बारिश के चलते कई जिलों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। सड़कों पर मलबा आने से यातायात बाधित है और प्रशासन लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील कर रहा है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।