Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 13 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
ब्रेकिंग न्यूज़: सुभाष बाजार हादसा: 5 दिन बाद मिला गंगा देवी का शव, नाले में चला सघन सर्च ऑपरेशन हुआ पूरा

आगरा के सुभाष बाजार में हुए दर्दनाक हादसे के पांच दिन बाद राहत और बचाव अभियान को एक दुखद मोड़ तब मिला, जब लापता बुजुर्ग महिला गंगा देवी का शव आगरा किले के पीछे स्थित नाले से बरामद कर लिया गया। हादसे के बाद से ही गंगा देवी लापता थीं और आशंका जताई जा रही थी कि दुकान ढहने के दौरान वह मलबे के साथ तेज बहाव में नाले में बह गई थीं।

महिला की तलाश के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार दिन-रात अभियान चला रही थीं। कई दिनों तक नालों की सफाई, मलबा हटाने और गहन सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार रेस्क्यू टीम को किले के पीछे नाले में गंगा देवी का शव मिला। इस खबर के मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, राहत एवं बचाव अभियान में जुटी टीमों ने कठिन परिस्थितियों में लगातार खोज अभियान चलाकर शव को बरामद किया।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सुभाष बाजार क्षेत्र में नालों के ऊपर बने निर्माण, उनकी मजबूती और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे निर्माणों का तकनीकी निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई की जाती, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पूरे क्षेत्र में ऐसे निर्माणों की जांच कराने की मांग भी उठाई है।

 
Previous News

आलू व्यापारी का अपहरण कर बेरहमी से पीटा, SSP के आदेश के बावजूद मामूली धाराओं में केस का आरोप

Next News

कंकाली मंदिर पर सजा 'कुआं वाली जात' का मेला, सुख-समृद्धि की कामना को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़