Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 09 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
₹70 लाख की नाली भी नहीं रोक सकी जलभराव! बलदेव में छात्र रोज झेल रहे परेशानी

मथुरा के बलदेव कस्बे में विकास कार्यों की हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। करीब 70 लाख रुपये की लागत से बनी नाली भी श्री बलभद्र इंटर कॉलेज के सामने वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या का समाधान नहीं कर सकी। हालत यह है कि कॉलेज के बाहर आज भी गंदा पानी जमा है और छात्र-छात्राओं को रोजाना इसी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।

बलदेव कस्बे में श्री बलभद्र इंटर कॉलेज के सामने लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। इस समस्या के समाधान के लिए नगर पंचायत ने लगभग 70 लाख रुपये की लागत से नाली का निर्माण कराया, लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी हालात नहीं बदले।

नाली के किनारे पड़ा निर्माण मलबा और जमा गंदा पानी जल निकासी में बाधा बन रहा है। नतीजतन कॉलेज आने-जाने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं को रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार उनकी स्कूल ड्रेस खराब हो जाती है, तो कई छात्र फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। इससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।

कॉलेज के प्रधानाचार्य अतुल कुमार ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. मुरारी लाल अग्रवाल के साथ बैठक कर समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

वहीं, जब इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. मुरारी लाल अग्रवाल से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने व्यस्त होने की बात कहते हुए बाद में जानकारी देने की बात कही।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब 70 लाख रुपये खर्च होने के बाद भी जलभराव खत्म नहीं हुआ, तो आखिर जिम्मेदार कौन है? क्या नगर पंचायत इस समस्या का स्थायी समाधान करेगी या फिर छात्र-छात्राओं को इसी तरह हर बारिश में परेशानियों का सामना करना पड़ेगा? स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द मलबा हटाने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं।

Previous News

महोबा में सरकारी लापरवाही! बारिश में भीगकर सड़ा 6,747 कुंतल गेहूं, वीडियो वायरल

Next News

अमेरिका से आया अलर्ट, एटा में आरोपी गिरफ्तार; मोबाइल से मिला बच्चों के यौन शोषण से जुड़ा आपत्तिजनक डिजिटल कंटेंट