सीकर/राजस्थान। देशभर से खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खाटू श्याम मंदिर के निकट नया रेलवे स्टेशन बनाने की घोषणा की है। इस परियोजना के पूरा होने से श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगी।
घोषणा के अनुसार नया रेलवे स्टेशन सीकर-रींगस रेलखंड पर पलसाना और बावरी ठिकरिया रेलवे स्टेशनों के बीच बनाया जाएगा। यह स्टेशन खाटू श्याम मंदिर से लगभग 11 किलोमीटर की दूरी पर होगा। वर्तमान में अधिकांश श्रद्धालुओं को रींगस पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से मंदिर जाना पड़ता है। नए स्टेशन के बनने से यह दूरी और यात्रा की असुविधा काफी कम हो जाएगी।
रेल मंत्रालय के अनुसार, परियोजना के पहले चरण में तकनीकी, इंजीनियरिंग और सिग्नलिंग से जुड़े कार्य शुरू किए जाएंगे। इसके बाद आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेशन भवन का निर्माण होगा। स्टेशन का डिज़ाइन राजस्थान की पारंपरिक वास्तुकला को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। यहां यात्रियों के लिए आधुनिक बुकिंग कार्यालय, विशाल प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय और श्रद्धालुओं की जरूरतों के अनुरूप अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली में खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान यह घोषणा की। बैठक में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
माना जा रहा है कि इस परियोजना से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा और स्थानीय व्यापार व अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु खाटू श्याम धाम पहुंचते हैं, ऐसे में नया रेलवे स्टेशन उनके लिए बड़ी सौगात साबित होगा।