Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 08 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
पेट्रोल-सीएनजी पंप में घुसी तेज रफ्तार स्लीपर बस, चंद फीट की दूरी ने टाल दिया महाविस्फोट

जयपुर। राजस्थान के जयपुर-आगरा हाईवे पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार निजी स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर पेट्रोल-सीएनजी पंप में घुस गई। बस सुरक्षा दीवार तोड़ते हुए खेत में जाकर रुकी। गनीमत रही कि बस पेट्रोल और सीएनजी डिस्पेंसिंग मशीनों से कुछ ही फीट की दूरी से गुजर गई। यदि बस ईंधन मशीनों से टकरा जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, हादसा मानपुर थाना क्षेत्र में सुबह करीब 7 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चलते समय बस का स्टीयरिंग फेल हो गया था। चालक ने वाहन पर नियंत्रण पाने की पूरी कोशिश की, लेकिन बस सड़क से उतरकर सीधे पेट्रोल पंप की ओर चली गई और सुरक्षा दीवार तोड़ते हुए खेत में जाकर रुकी।

हादसे के समय बस में 14 यात्री सवार थे। दुर्घटना में तीन यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अन्य सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस की मदद की।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है। बस के फिटनेस रिकॉर्ड और तकनीकी स्थिति की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यदि बस का रुख थोड़ा भी बदल जाता और वह पेट्रोल या सीएनजी मशीनों से टकरा जाती, तो बड़ा विस्फोट और भारी जनहानि हो सकती थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Previous News

जम्मू-कश्मीर में 12 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की चेतावनी

Next News

खाटू श्याम भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी! मंदिर के पास बनेगा नया रेलवे स्टेशन, सफर होगा और आसान