मथुरा में हुई बारिश के बाद शहर से सामने आई तस्वीरों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। न्यू बस स्टैंड और भूतेश्वर अंडरपास में जलभराव के कारण हालात इतने बिगड़ गए कि लोगों को अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ी। कहीं यात्री चलती ट्रेनों के बीच रेलवे ट्रैक पार करते दिखाई दिए तो कहीं तांगा, घोड़ा और चालक पानी में फंस गए।
न्यू बस स्टैंड के आसपास जलभराव होने से बस अड्डे तक पहुंचने का रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया। ऐसे में कई यात्रियों ने मजबूरी में रेलवे ट्रैक के रास्ते आवागमन किया। वायरल वीडियो में लोग चलती ट्रेनों के बीच पटरियां पार करते नजर आ रहे हैं, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता था।
वहीं भूतेश्वर अंडरपास में पानी इतना भर गया कि एक तांगा, उसका घोड़ा और चालक बीच पानी में फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की। जलभराव के कारण कई दोपहिया और चारपहिया वाहन भी बीच रास्ते में बंद हो गए और लोगों को घंटों तक परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इन तस्वीरों ने शहर की जल निकासी व्यवस्था और आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी नजर नहीं आया, जबकि आम लोग एक-दूसरे की मदद करते दिखाई दिए।
न्यू बस स्टैंड से लेकर भूतेश्वर अंडरपास तक की ये तस्वीरें बताती हैं कि जलभराव अब केवल असुविधा नहीं, बल्कि जनजीवन और लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या का स्थायी समाधान कब तक निकाल पाते हैं।