Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 03 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
वृंदावन के सौभरी वन में खौफनाक वारदात, सो रहे वन कर्मी पर साधु के वेश में आए हमलावर ने किया चाकू से हमला

धार्मिक नगरी वृंदावन के सौभरी वन फेज़-2 में शुक्रवार तड़के एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां वन विभाग के केयरटेकर देवेंद्र गौतम पर उस समय जानलेवा हमला कर दिया गया, जब वह सो रहे थे। आरोप है कि साधु के वेश में आए एक अज्ञात हमलावर ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना में देवेंद्र गौतम के गले, कान, हाथ और आंख पर गंभीर चोटें आई हैं। खून से लथपथ हालत में किसी तरह उन्होंने खुद को संभाला और कोतवाली पहुंचकर अज्ञात हमलावर के खिलाफ तहरीर दी। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घायल के भाई रमन बिहारी गौतम का आरोप है कि सौभरी वन क्षेत्र में लंबे समय से साधु के वेश में कई संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोग अवैध रूप से रह रहे हैं। इस संबंध में पहले भी कई बार पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रह रहे सभी संदिग्ध लोगों की पहचान कराई जाए और बिना सत्यापन के रह रहे लोगों को तत्काल हटाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावर की तलाश में जुट गई है।

Previous News

20 मिनट की बारिश में भूतेश्वर अंडरपास डूबा, जलभराव ने रोकी रफ्तार

Next News

अनंत अंबानी पहुंचे बागेश्वर धाम, बालाजी के दर्शन कर किया यज्ञ-हवन