Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 02 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
झगड़ा शांत कराने पहुंची पुलिस पर दलित परिवार से मारपीट का आरोप, पीड़ित सास-बहू ने SSP से लगाई गुहार

मथुरा। जनपद के थाना राया क्षेत्र के ग्राम छिकाड़ा मदैम से एक मामला सामने आया है, जिसमें झगड़ा शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर एक दलित परिवार के साथ मारपीट और अभद्रता करने के आरोप लगाए गए हैं। गुरुवार को पीड़ित सास-बहू ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

पीड़िता सुखदेवी पत्नी हाकिम सिंह ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि गांव में दो पड़ोसियों के बीच विवाद की सूचना पर अनौडा चौकी से दरोगा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। लेकिन कथित तौर पर पुलिस झगड़ा करने वालों के घर जाने के बजाय गलती से उनके घर में घुस गई।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घर में प्रवेश करते ही उनके साथ मारपीट की और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पुलिसकर्मियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर परिवार का सार्वजनिक रूप से अपमान किया।

पीड़िता की पुत्रवधू रीना का कहना है कि उनके परिवार का झगड़ा करने वाले पड़ोसियों से कोई संबंध नहीं है और वे पूरी तरह निर्दोष हैं। इसके बावजूद उनके परिवार के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया।

पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल यह आरोप शिकायत के आधार पर लगाए गए हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया या जांच रिपोर्ट का इंतजार है।

Previous News

तीन साल बाद मिली राहत, प्रशासन ने 3 एकड़ भूमि कराई कब्जामुक्त; भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई

Next News

बेंगलुरु की पत्थर खदान में बड़ा हादसा, चट्टान गिरने से 9 मजदूरों की मौत