भगवान शिव के पवित्र धाम अमरनाथ की वार्षिक यात्रा 3 जुलाई से शुरू होने जा रही है। इस पावन यात्रा में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भगवान राधा-कृष्ण की नगरी वृंदावन से एक बार फिर सेवा का कारवां रवाना हुआ। अमरनाथ धाम में लगने वाले विशाल लंगर के लिए खाद्य सामग्री से भरा ट्रक बुधवार देर शाम वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच रवाना किया गया।
वृंदावन के भक्त पिछले 14 वर्षों से जम्मू-कश्मीर के रामबन क्षेत्र में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में विशाल लंगर का आयोजन करते आ रहे हैं। करीब 40 दिनों तक चलने वाले इस सेवा कार्य के लिए पिछले 15 दिनों से वृंदावनवासियों ने बढ़-चढ़कर खाद्य सामग्री एकत्रित की।
ट्रक रवाना होने से पूर्व एसपी सिटी राजीव कुमार, नगर निगम के उपसभापति मुकेश सारस्वत, शिक्षाविद अभय वशिष्ठ, वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश शर्मा (गुरुजी) सहित अनेक गणमान्य लोगों ने संत दीपक बाबा के साथ विधि-विधान से ट्रक का पूजन-अर्चन किया।
इसके बाद मां अन्नपूर्णा और भगवान भोलेनाथ की भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। आरती के दौरान संत दीपक बाबा ने अपनी जटाएं खोलकर पारंपरिक शैली में आरती की, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरे परिसर में 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष गूंजते रहे और भक्त शिव भक्ति में लीन नजर आए।
वृंदावन के श्रद्धालुओं ने कहा कि अमरनाथ यात्रा में आने वाले हर शिवभक्त की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य और पुण्य का कार्य है।