Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 24 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
गंगा दशहरा पर अलर्ट मोड में नगर निगम, नगर आयुक्त ने यमुना घाटों का किया निरीक्षण

गंगा दशहरा के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता व्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम मथुरा-वृंदावन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में नगर आयुक्त जग प्रवेश ने यमुना के विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान घाटों पर की गई व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएं।

नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बताया कि गंगा दशहरा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए नगर निगम द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर 24 घंटे सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष सफाई टीमों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग, लाइफ जैकेट, प्रशिक्षित नाविकों की तैनाती, चेतावनी संकेतक बोर्ड तथा नियमित उद्घोषणा की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा संचालित 15 दिवसीय विशेष महा-अभियान के तहत घाटों पर स्वच्छता और जन-जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे पूजन सामग्री, पुष्प-मालाएं और अन्य अवशेष यमुना में प्रवाहित न करें तथा निर्धारित कलशों में ही डालें, जिससे यमुना की स्वच्छता और पवित्रता बनी रहे।

नगर निगम का कहना है कि गंगा दशहरा पर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभागीय टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।

Previous News

गंगा में रोमांच पर ब्रेक! 1 जुलाई से ऋषिकेश में राफ्टिंग पूरी तरह बंद

Next News

51वें आपातकाल की बरसी पर भाजपा का बड़ा आयोजन, 'संविधान हत्या दिवस' समारोह कल