Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 24 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
पत्नी के सपनों के लिए बना लुटेरा! 10.70 लाख की फर्जी लूट रचने वाला सेल्समैन पत्नी समेत गिरफ्तार

पत्नी को खुश रखना और उसके सपनों को पूरा करना हर पति की ख्वाहिश होती है, लेकिन मथुरा में एक पति ने अपनी पत्नी के हसीन ख्वाब पूरे करने के लिए ईमानदारी और भरोसे का गला घोंट दिया। पत्नी को ऐशो-आराम की जिंदगी देने और मकान बनाने के सपने ने उसे ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया कि आखिरकार उसे और उसकी पत्नी दोनों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

मथुरा की थाना हाईवे पुलिस और स्वाट टीम ने 10 लाख 70 हजार रुपये की कथित लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए कंपनी के ही सेल्समैन विजय कुमार और उसकी पत्नी ज्योति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि लूट की कहानी पूरी तरह से फर्जी थी और इसे खुद सेल्समैन ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर रचा था।

पुलिस के अनुसार विजय कुमार एक निजी फर्म में सेल्समैन के पद पर कार्यरत था। उसने मकान बनाने के लिए प्लॉट खरीदने और पत्नी को सुख-सुविधाओं से भरपूर जीवन देने की योजना बनाई, लेकिन पैसों की कमी के चलते उसने अपने ही मालिक को चूना लगाने की साजिश रच डाली।

22 जून को विजय कंपनी के 10 लाख 70 हजार रुपये लेकर निकला और योजनाबद्ध तरीके से अपनी पत्नी ज्योति को नए बस अड्डे के पास बुलाकर रुपयों से भरा बैग उसे सौंप दिया। इसके बाद उसने मालिक और पुलिस को सूचना दी कि बाइक सवार बदमाश उससे रुपये लूटकर फरार हो गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईवे पुलिस और स्वाट टीम सक्रिय हुई। करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन जांच के दौरान विजय के बयान बार-बार बदलते रहे। पुलिस को शक हुआ और जब सख्ती से पूछताछ की गई तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया।

पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि विजय ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से पूरी 10 लाख 70 हजार रुपये की धनराशि बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।

Previous News

ब्रेकिंग न्यूज़: भाई की मौत के गम में मायके जा रही बहन की सड़क हादसे में गई जान

Next News

ब्रेकिंग न्यूज़: गंगा दशहरा पर मातम! यमुना स्नान के दौरान किशोर डूबा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़