गंगा दशहरा के पावन पर्व पर मथुरा के ऐतिहासिक जवाहर बाग में आयोजित भव्य पतंग उत्सव ने शहरवासियों का मन मोह लिया। रंग-बिरंगी पतंगों से सजा आसमान आकर्षण का केंद्र बना रहा, वहीं जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, उद्योगपतियों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर उत्सव की रौनक बढ़ाई।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रमुख समाजसेवी एवं ‘जल पुरुष’ के नाम से विख्यात प्रमोद गर्ग कसेरे के संयोजन में पतंग उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पतंगबाजी का आनंद लिया और आपसी भाईचारे तथा सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
उत्सव में आने वाले अतिथियों के लिए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। लोगों ने जलेबी-कचौरी, अलीगढ़ की प्रसिद्ध बेड़ई, इडली-सांभर, वडा, फल चाट, शिकंजी और ठंडाई सहित कई पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया।
कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि प्रमोद गर्ग कसेरे अपने पिता की समाजसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने का कार्य करते हैं।
वहीं आयोजक प्रमोद गर्ग कसेरे ने बताया कि पतंग उत्सव का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि लोगों को जवाहर बाग से जोड़ना भी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे यहां आकर सुबह की सैर, व्यायाम और योग जैसी गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, मांट विधायक राजेश चौधरी, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश, कोसी नगर पालिका अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, करिंदा सिंह, रविकांत गर्ग, उद्योगपति पवन चतुर्वेदी, वरिष्ठ अधिवक्ता नंदकिशोर उपमन्यु सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।