लखनऊ के दर्दनाक अग्निकांड के बाद मथुरा-वृंदावन में भी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA) ने वृंदावन में बड़ी कार्रवाई करते हुए मानकों का उल्लंघन कर संचालित किए जा रहे होटल और गेस्ट हाउसों पर शिकंजा कस दिया है।
बुधवार को MVDA की टीम ने वृंदावन के पपड़ी चौराहे के आसपास स्थित होटल और गेस्ट हाउसों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठान निर्धारित मानकों और नियमों का पालन करते नहीं पाए गए। इसके बाद प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए करीब 15 होटल और गेस्ट हाउसों को सील कर दिया।
निरीक्षण के दौरान कई अन्य होटल और गेस्ट हाउस भी नियमों के विपरीत संचालित होते पाए गए। ऐसे प्रतिष्ठानों पर प्रशासन ने कारण बताओ नोटिस चस्पा करते हुए निर्धारित समय के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद होटल कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। कई संचालक अपने दस्तावेज और मानकों को दुरुस्त करने में जुट गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
लखनऊ अग्निकांड के बाद शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत होटल, गेस्ट हाउस, कोचिंग सेंटर और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।