Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 24 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
यमुना एक्सप्रेसवे पर गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 14 किलो से अधिक गांजे के साथ दो गिरफ्तार

मथुरा के थाना सुरीर पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 किलो 440 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह और वीरेश कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि दो युवक गांजे की खेप लेकर नगला मौजी कट से औहावा अंडरपास पुल होते हुए सुरीर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर घेराबंदी कर दी।

कुछ ही देर बाद दो युवक प्लास्टिक का बोरा लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उन्हें दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 14 किलो 440 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कुंदन सिंह निवासी सुरीर, मथुरा तथा विपिन कुमार निवासी सकरदास नवादा, थाना वजीरगंज, जिला गया (बिहार) बताए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Previous News

मथुरा में अग्नि सुरक्षा पर बड़ा मंथन, एएसपी ग्रामीण ने फायर विभाग को दिए सख्त निर्देश

Next News

गंगा दशहरा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, यमुना घाटों पर श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी