मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र के देवीपुरा गांव में पंचायत का एक अजीब फैसला खूनी विवाद में बदल गया। छेड़छाड़ की शिकायत के बाद पंचायत ने आरोपी युवक को सार्वजनिक रूप से चप्पल मारने की सजा सुनाई, लेकिन यही फैसला बाद में विवाहिता के लिए भारी पड़ गया। आरोप है कि बेइज्जती से बौखलाए युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला के घर पर हमला बोल दिया और उसे लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, देवीपुरा निवासी रेशमा, पत्नी सलीम, रविवार शाम घर पर अकेली थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक गोपाल कथित रूप से घर में घुस आया और महिला पर गलत संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। विरोध और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में पंचायत बुलाई गई, जिसमें दोनों पक्षों की बात सुनी गई।
बताया जा रहा है कि पंचायत ने आरोपी गोपाल को दोषी मानते हुए एक अनोखा फैसला सुनाया। पंचायत के निर्णय के अनुसार पीड़िता को सार्वजनिक रूप से आरोपी को पांच चप्पल मारने की अनुमति दी गई। आरोप है कि इस घटना के बाद आरोपी ने इसे अपनी बेइज्जती मान लिया और बदला लेने की ठान ली।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ समय बाद गोपाल करीब एक दर्जन लोगों के साथ रेशमा के घर पहुंचा और घर में घुसकर हमला कर दिया। महिला को लाठी-डंडों से इतनी बेरहमी से पीटा गया कि वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल रेशमा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित परिवार ने थाना हाईवे में नामजद तहरीर देकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं परिजनों का आरोप है कि घटना के बावजूद पुलिस की कार्रवाई धीमी है और आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं।