गोवर्धन क्षेत्र के गांव पलसो में जिला पंचायत द्वारा कराए जा रहे तालाब निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है। निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीण सोमवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर निर्माण कार्य को तत्काल रोकने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब निर्माण के लिए जिस स्थान को स्वीकृति मिली थी, वहां कार्य न कराकर बंजर भूमि पर निर्माण कराया जा रहा है। इस संबंध में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य नहीं रोका गया तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत कर आंदोलन को और तेज करेंगे।
जानकारी के अनुसार गांव पलसो में जिला पंचायत निधि से करीब 17 लाख रुपये की लागत से तालाब निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ था। इसका ठेका एक स्थानीय ठेकेदार को दिया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण स्थल में बदलाव कर कार्य कराया जा रहा है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी द्वारा निर्माण कार्य रोकने के आदेश जारी किए जाने के बावजूद मौके पर काम जारी रखा गया। इसे लेकर ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।