Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 22 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
बर्मन हॉस्पिटल में महिला की मौत, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप

मथुरा के थाना यमुनापार क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार लक्ष्मीनगर की शिवनगर कॉलोनी निवासी प्रीति के पैर में चोट लगने के बाद उन्हें बर्मन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि चिकित्सकों ने जांच के बाद पैर का ऑपरेशन करने की बात कही थी। सोमवार सुबह प्रीति को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया, लेकिन कुछ समय बाद डॉक्टरों ने उनकी मौत की सूचना दे दी।

मृतका के पति भूपेंद्र और अन्य परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन से पहले प्रीति पूरी तरह सामान्य थीं और परिजनों से बातचीत कर रही थीं। लेकिन जब उनका शव बाहर लाया गया तो पैर के साथ-साथ पेट पर भी कट के निशान दिखाई दिए, जिससे परिजनों को गंभीर लापरवाही का संदेह हुआ।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया और अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और पेट पर मिले कट के निशान का कारण क्या है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Previous News

अधिक मास के बाद व्यवस्था सुधार पर मंथन, वृंदावन सिविल सोसाइटी ने उठाए जनहित के मुद्दे

Next News

तालाब निर्माण को लेकर बवाल, बंजर भूमि पर कार्य कराने के आरोप में ग्रामीणों का प्रदर्शन