मथुरा में भारतीय किसान यूनियन (सुनील) के कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन देने के लिए अलीगढ़ रवाना होने से पहले ही पुलिस ने रोक दिया। इसके विरोध में किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।
भारतीय किसान यूनियन (सुनील) के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन चतुर्वेदी और महानगर अध्यक्ष भरत अग्रवाल के नेतृत्व में किसान कार्यकर्ता होली गेट स्थित कार्यालय से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने के लिए अलीगढ़ जाने के लिए निकले थे। आरोप है कि रास्ते में होली गेट चौकी प्रभारी ने उन्हें रोक लिया, जिसके बाद किसान कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
करीब 20 मिनट तक चले प्रदर्शन के दौरान किसानों और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। किसानों का आरोप है कि उन्हें मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने से रोका गया। बाद में किसान नेताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन चौकी प्रभारी को सौंप दिया।
संगठन का यह भी आरोप है कि ज्ञापन सौंपने के बाद कार्यकर्ताओं को उनके कार्यालय पर ही नजरबंद कर दिया गया। किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने, भूमि अधिग्रहण का उचित भुगतान कराने, किसानों के ऋण माफ करने तथा बिजली बिलों में राहत देने की मांग उठाई है।
पवन चतुर्वेदी, राष्ट्रीय प्रवक्ता, भारतीय किसान यूनियन (सुनील)
किसानों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर यह कदम उठाया गया।