गोवर्धन के राधाकुंड में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार लखनऊ निवासी नीरज गुप्ता अपने परिवार के साथ ब्रज दर्शन के लिए मथुरा आए थे। रविवार दोपहर राधाकुंड पर स्नान के दौरान अचानक पैर फिसलने से उनकी पत्नी और तीनों बच्चे पानी में डूबने लगे। नीरज गुप्ता ने साहस दिखाते हुए पत्नी, एक बेटे और बेटी को तो बचा लिया, लेकिन उनका 16 वर्षीय पुत्र अनुरुद्ध गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश शुरू की गई। घंटों की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने अनुरुद्ध के शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस हादसे के बाद एक बार फिर राधाकुंड की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं और सीढ़ियों पर जमी काई के कारण अक्सर श्रद्धालु फिसलकर हादसे का शिकार हो जाते हैं। लोगों ने संवेदनशील घाटों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, नियमित सफाई और स्थायी गोताखोरों की तैनाती की मांग की है।