अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को मथुरा-वृंदावन योगमय होने जा रहा है। नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर भव्य सामूहिक योग शिविरों का आयोजन किया जाएगा। प्रातः 6:30 बजे से शुरू होने वाले इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” रखी गई है, जिसका उद्देश्य सभी आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। नगर निगम प्रशासन द्वारा योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
नगर निगम द्वारा नगर निगम कार्यालय मथुरा, भूतेश्वर स्थित जवाहर बाग (सिविल लाइन), विश्राम घाट, बंगाली घाट, भगत सिंह पार्क, देवरहा बाबा घाट (वृंदावन), केशी घाट तथा गांधी पार्क वृंदावन सहित कुल 8 स्थानों पर सामूहिक योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में प्रशिक्षित योगाचार्यों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया जाएगा।
कार्यक्रम में महापौर, नगर आयुक्त जग प्रवेश सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी सहभागिता करेंगे। नगर आयुक्त ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। नियमित योग से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, तनाव कम होता है तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है।
नगर निगम प्रशासन ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में योग शिविरों में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ समाज और सकारात्मक जीवनशैली की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के इस विशेष आयोजन के माध्यम से नगर निगम मथुरा-वृंदावन स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और खुशहाल समाज का संदेश देने का प्रयास करेगा।