उत्तर प्रदेश के झांसी में कानपुर हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां बीयर और मिर्ची से लदे दो ट्रक आपस में टकराकर पलट गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना मोंठ थाना क्षेत्र के नेहरू नगर मोड़ के पास तड़के सुबह की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक ट्रक मेरठ से झांसी की ओर बीयर की कैन लेकर आ रहा था, जबकि दूसरा ट्रक बरेली से महाराष्ट्र की ओर मिर्ची लादकर जा रहा था।
दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर के बाद ट्रक पलट गए और सड़क पर बीयर की कैन और मिर्ची के बोरे बिखर गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही मोंठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बीयर की लूट की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। साथ ही क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटाने का काम शुरू कराया गया।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।