Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 20 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
नए बस स्टैंड पुल निर्माण को लेकर प्रशासन सतर्क, 20 दिन तक यातायात व्यवस्था में होगा बड़ा बदलाव

मथुरा के नए बस स्टैंड क्षेत्र में प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें रेलवे अधिकारियों के साथ शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, नगर आयुक्त जगप्रवेश, एसपी सिटी राजीव कुमार, एसपी ट्रैफिक राजेश तिवारी, सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्र तथा रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने निर्माण कार्य के दौरान संभावित यातायात दबाव और वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर मंथन किया।

नगर आयुक्त जगप्रवेश ने बताया कि नए बस स्टैंड के समीप रेलवे का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और अगले माह रेलवे लाइन पर संचालन शुरू होने की संभावना है। रेलवे कार्य पूरा होते ही ब्रिज निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे शहर के इस महत्वपूर्ण मार्ग पर भविष्य में यातायात की समस्या काफी हद तक कम हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि पुल निर्माण के दौरान लगभग 15 से 20 दिनों तक बसों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। इस अवधि में बड़े वाहनों के संचालन पर रोक लगाई जा सकती है, जबकि छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किए जाएंगे। प्रशासन ने भूरी गेट सहित अन्य प्रमुख मार्गों से ट्रैफिक डायवर्ट करने की योजना बनाई है ताकि लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।

यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही ट्रैफिक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करेंगे ताकि किसी भी प्रकार का जाम या अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

अधिकारियों ने कहा कि यह परियोजना मथुरा शहर के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। पुल निर्माण पूरा होने के बाद नए बस स्टैंड क्षेत्र में जाम की समस्या से राहत मिलेगी और यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी बेहतर यातायात सुविधाएं प्राप्त होंगी।

प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्माण कार्य के दौरान जारी किए जाने वाले यातायात निर्देशों का पालन करें, ताकि विकास कार्य समय पर और सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा सके।

Previous News

वृंदावन में यमुना ने फिर निगली एक जान! गुरुग्राम के युवक के डूबने की आशंका, तलाश जारी

Next News

आगरा में रिश्तों का खून! अवैध संबंध के शक में बड़े भाई की हत्या, छोटे भाई और पत्नी गिरफ्तार