वृंदावन में यमुना नदी एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। शनिवार को यमुना में एक युवक के डूबने की आशंका के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बांके बिहारी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
पुलिस को यमुना किनारे से एक बैग और मोबाइल फोन बरामद हुआ। बैग की तलाशी लेने पर उसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस समेत कुछ कपड़े मिले। दस्तावेजों के आधार पर युवक की पहचान हरियाणा के गुरुग्राम निवासी 28 वर्षीय सुमित के रूप में हुई है।
पुलिस और गोताखोरों की टीम ने यमुना में काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचित कर दिया है और उनके वृंदावन पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यमुना के घाटों पर लगातार डूबने की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। घटना के बाद घाट क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई।
फिलहाल पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई है और गोताखोरों द्वारा यमुना नदी में सर्च अभियान लगातार जारी है।