Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 19 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
ब्लाइंड मर्डर का सनसनीखेज खुलासा: कुकर्म का विरोध करने पर मासूम की हत्या, बाबा समेत 3 गिरफ्तार

मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में 14 वर्षीय अज्ञात किशोर की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना हाईवे पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में इस ब्लाइंड मर्डर केस का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में मध्य प्रदेश का एक कथित बाबा भी शामिल है।

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत कपिल ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने किशोर के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया था। जब मासूम ने इसका विरोध किया और आरोपी अपने इरादों में सफल नहीं हो सके, तो पहचान उजागर होने के डर से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई।

गौरतलब है कि 27 मई को माल गोदाम रोड पर एक अज्ञात किशोर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर चोटों के कई निशान मिले थे, जिससे साफ था कि बालक ने अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष किया था। मृतक की पहचान नहीं होने के कारण यह मामला पुलिस के लिए पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर केस बन गया था।

एसएसपी के निर्देशन में हाईवे थाना पुलिस और स्वाट टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे लगभग 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस ने नरहौली मुख्य मार्ग से घेराबंदी कर बलदेव निवासी सूरज उर्फ गोलू, महावन निवासी राजकुमार उर्फ राजू तथा मध्य प्रदेश के मऊगंज निवासी सेवागिरी उर्फ लवकुश साकेत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। हालांकि मृत किशोर की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे में थाना प्रभारी प्रशांत कपिल, स्वाट प्रभारी अजय वर्मा समेत पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Previous News

यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: कार-बस की टक्कर में पिता-पुत्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Next News

अस्पताल की आड़ में चल रहा था नवजातों का सौदा! दिल्ली पुलिस ने किया अंतरराज्यीय बच्चा तस्करी गैंग का भंडाफोड़