उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की महत्वपूर्ण बैठक में शिरकत की। दो दिनों से चल रही इस विशेष बैठक का आज समापन होना है, जिसमें देशभर से संत-महात्मा, धर्माचार्य और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए हैं। बैठक में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों के साथ-साथ विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर भी मंथन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा आने-जाने वाले मार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। मुख्यमंत्री धामी की मौजूदगी के चलते कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया जा रहा है। बैठक के समापन सत्र में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।