उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फरह का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और महिला सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने चिकित्सा स्टाफ की सराहना की और महिलाओं की सुरक्षा व स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
निरीक्षण के दौरान बबीता सिंह चौहान ने ओपीडी, प्रसूति कक्ष, टीकाकरण कक्ष, पैथोलॉजी लैब, दवा वितरण केंद्र तथा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने प्रसूति वार्ड में भर्ती गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं से बातचीत कर भोजन, दवा, जांच और चिकित्सकीय सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। महिलाओं ने अस्पताल में मिल रही सेवाओं और स्टाफ के व्यवहार पर संतोष व्यक्त किया।
महिला आयोग अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक महिला को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देकर जच्चा और बच्चा दोनों के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा स्टोर का रिकॉर्ड चेक किया और प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रामवीर सिंह से स्टाफ की उपस्थिति, ड्यूटी रोस्टर, एंबुलेंस सेवाओं और हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। साथ ही आशा कार्यकत्रियों, एएनएम और स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
बबीता सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वास्थ्य को लेकर चलाए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे, महिला हेल्प डेस्क, शिकायत पेटिका तथा रात्रि में महिला सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाली प्रत्येक महिला को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिलना चाहिए। यह केवल प्रशासन की ही नहीं बल्कि सभी स्वास्थ्य कर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।