मथुरा के राया कस्बे से मंगलवार शाम लापता हुए युवा व्यापारी का शव बुधवार सुबह यमुना नदी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार मनोज उर्फ मोनू अग्रवाल पुत्र श्याम सुंदर अग्रवाल की सिंडिकेट बैंक गली में मोबाइल फोन की दुकान है। मंगलवार शाम वह बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। परिजनों के अनुसार वह अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गए थे, जिसके बाद रातभर उनकी तलाश की गई लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
बुधवार सुबह सूचना मिली कि मनोज का शव जमुनापार थाना क्षेत्र में यमुना नदी में मिला है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।