मथुरा जिला चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिद्धार्थ धनगर को मल्टी ड्रग रेसिस्टेंट यानी एमडीआर संक्रमण प्रबंधन विषय पर आयोजित एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। मेडफ्लिक्स और फाइजर द्वारा आयोजित “रिव्यू ऑफ करेंट प्रैक्टिस इन MDR इन्फेक्शन इन द आईसीयू” कार्यक्रम में उनकी सक्रिय सहभागिता के लिए उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आईसीयू में होने वाले मल्टी ड्रग रेसिस्टेंट संक्रमणों, एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की बढ़ती चुनौती और उनके प्रभावी प्रबंधन पर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विस्तार से चर्चा की। साथ ही नवीनतम उपचार पद्धतियों और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों की जानकारी भी साझा की गई।
विशेषज्ञों ने चिकित्सकों को संक्रमण नियंत्रण रणनीतियों, एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग और गंभीर मरीजों के बेहतर उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की समस्या से निपटने के लिए चिकित्सकों का समय-समय पर प्रशिक्षित और अपडेट रहना बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर डॉ. सिद्धार्थ धनगर ने कहा कि निरंतर चिकित्सा शिक्षा और नवीनतम चिकित्सा ज्ञान ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का आधार है। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम चिकित्सकों को नई तकनीकों और उपचार पद्धतियों से अवगत कराते हैं, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।