Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 17 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर बढ़ा सियासी और धार्मिक दबाव! FIR की मांग को लेकर थाने पहुंचे कांग्रेस नेता और धर्म सेना प्रमुख

अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे और दान राशि में कथित हेराफेरी के आरोपों को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मामले की जांच जहां पहले से एसआईटी कर रही है, वहीं अब इस मुद्दे पर राजनीतिक और धार्मिक संगठनों ने भी मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में यूपी युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शरद शुक्ला और धर्म सेना प्रमुख संतोष दुबे अलग-अलग समर्थकों के साथ राम जन्मभूमि थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

कांग्रेस नेता शरद शुक्ला ने पुलिस को तहरीर सौंपते हुए कहा कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान और चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की खबरों से करोड़ों रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो जिम्मेदार लोगों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।

वहीं धर्म सेना प्रमुख संतोष दुबे भी अपने समर्थकों और अधिवक्ताओं के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर चढ़ावे की राशि में कथित हेराफेरी की गहन जांच कराने और संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। संतोष दुबे ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और इससे जुड़े किसी भी मामले में पूरी पारदर्शिता जरूरी है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर प्राप्त कर ली है। वहीं एसआईटी की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले ने अयोध्या से लेकर प्रदेश की राजनीति और धार्मिक संगठनों के बीच नई बहस छेड़ दी है।

Previous News

बच्चों के स्वास्थ्य शिविर में एक्सपायरी दवा बांटने का आरोप! ग्रामीणों के हंगामे के बाद जांच शुरू

Next News

"सपा में होने जा रही बड़ी टूट? ओपी राजभर का दावा- अखिलेश यादव के कई सांसद छोड़ सकते हैं साथ!"