मथुरा में शहर की विभिन्न जनसमस्याओं और व्यापारियों की परेशानियों को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया। ज्ञापन में विशेष रूप से कोतवाली रोड, आर्य समाज रोड और होलीगेट क्षेत्र में पिछले लगभग दो माह से चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की धीमी गति और अधूरे कार्यों का मुद्दा उठाया गया। व्यापारियों का कहना था कि कई स्थानों पर केवल मुख्य सड़क का निर्माण किया गया है, जबकि दोनों ओर के फुटपाथ और संपर्क मार्ग अभी तक अधूरे पड़े हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों, ग्राहकों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि अधूरे निर्माण कार्यों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और बाजारों में व्यापारिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। साथ ही दुकानों के सामने जलभराव और आवागमन की समस्या लगातार बनी हुई है। इन सभी समस्याओं को लेकर व्यापारियों ने नगर निगम के खिलाफ आंदोलन की घोषणा भी की थी।
हालांकि अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह के साथ हुई वार्ता के बाद नगर निगम की ओर से व्यापारियों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जहां नई सड़क बनाई गई है, वहां दोनों ओर मालवा डलवाया जाएगा, जिससे दुकानों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके साथ ही भविष्य में इन हिस्सों को पक्का कराने की भी बात कही गई।
नगर निगम के आश्वासन और सकारात्मक पहल के बाद उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने अपना प्रस्तावित आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया है। व्यापारियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द से जल्द निर्माण कार्यों को पूरा कराकर आम जनता और व्यापारियों को राहत प्रदान करेगा