Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 16 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में बाप-बेटे की दर्दनाक मौत

मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों भरे माहौल को मातम में बदल दिया। भतीजी की गोद भराई समारोह से लौट रहे परिवार की कार हादसे का शिकार हो गई, जिसमें पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


कोसीकलां राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटवन चौकी के समीप हुए इस भीषण सड़क हादसे में इटावा निवासी 55 वर्षीय रमाशंकर और उनके पुत्र अमन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में रमाशंकर की पत्नी शकुंतला, पुत्र अभिषेक तथा परिवार के एक मित्र पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार परिवार इटावा के जसवंतनगर क्षेत्र से अपनी भतीजी की गोद भराई समारोह में शामिल होने गया था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी लोग वैगनआर कार से वापस गुरुग्राम के मानेसर लौट रहे थे। इसी दौरान कोसीकलां के निकट उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही कोसीकलां पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक गोद भराई की खुशियां और उत्सव का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घायल अस्पताल में जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहे हैं, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Previous News

अधिक मास समापन पर भजन संध्या और फूल बंगला का भव्य आयोजन, भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु

Next News

साधु सेवा के 11 वर्ष पूर्ण होने पर हनुमान मंदिर में हुए भव्य धार्मिक आयोजन