Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 06 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
गोवर्धन: मानसी गंगा में डूबे दो किशोर श्रद्धालु, परिक्रमा के बाद स्नान बना काल; परिवारों में मचा कोहराम

गोवर्धन की पावन मानसी गंगा शनिवार सुबह उस समय मातम में बदल गई, जब स्नान के दौरान दो किशोर श्रद्धालुओं की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

जानकारी के अनुसार राजस्थान के धौलपुर निवासी मनीष (14 वर्ष) और प्रिंस (16 वर्ष) अपने परिजनों के साथ गिरिराज महाराज की सप्तकोसीय परिक्रमा करने गोवर्धन आए थे। परिक्रमा पूर्ण करने के बाद दोनों किशोर शनिवार सुबह करीब 7 बजे मानसी गंगा में स्नान करने पहुंचे।

बताया जाता है कि स्नान के दौरान मनीष अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अपने साथी को बचाने के लिए प्रिंस भी पानी में उतर गया, लेकिन वह भी गहराई में फंस गया। देखते ही देखते दोनों किशोर पानी में समा गए।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और गोताखोरों की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

परिजनों के अनुसार मनीष अपनी दो बहनों के बीच इकलौता भाई था, जबकि प्रिंस के परिवार में एक बहन है। दोनों किशोरों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई और मानसी गंगा घाट का माहौल गमगीन हो गया।

क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार ने बताया कि दोनों किशोर स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए थे, जिससे उनकी डूबने से मृत्यु हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Previous News

नशे में धुत युवक ने भूतेश्वर अखाड़े पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, पहलवानों में मची भगदड़

Next News

वृंदावन: मिल गए ‘जोजो’ और ‘जॉनी’! जयपुर के राहुल मिश्रा की लौटी मुस्कान, अभी न्यूज और स्थानीय लोगों का जताया आभार