Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 04 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
लूट का विरोध पड़ा भारी! दिव्यांग की बेरहमी से हत्या कर नाले में फेंकी लाश, आरोपी गिरफ्तार

मथुरा के थाना गोविंद नगर क्षेत्र में अर्धनग्न अवस्था में नाले में मिले दिव्यांग युवक के ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मामले ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है, क्योंकि आरोपी ने महज लूटपाट का विरोध करने पर दिव्यांग युवक की बेरहमी से हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव को नाले में फेंक दिया।

पुलिस के अनुसार 26 मई को चामुंडा कॉलोनी मोड़ के पास महेश उर्फ लंगड़ी नामक दिव्यांग व्यक्ति नशे की हालत में था। इसी दौरान 24 वर्षीय नंदकिशोर उर्फ नंदा की नजर उस पर पड़ी। आरोपी ने उसे सुरक्षित घर छोड़ने का झांसा दिया और बहला-फुसलाकर पुरानी रेलवे लाइन के पास स्थित सुनसान नाले की ओर ले गया।

वहां पहुंचकर आरोपी ने महेश की जेबें टटोलनी शुरू कर दीं। जब महेश को इसका एहसास हुआ तो उसने विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही। इस बात से बौखलाए नंदा ने उस पर हमला कर दिया और पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश में मृतक के कपड़े उतारकर झाड़ियों में फेंक दिए और शव को अर्धनग्न अवस्था में नाले में धकेल दिया। जब पुलिस को शव मिला तो मामला पूरी तरह रहस्यमय बना हुआ था।

गोविंद नगर इंस्पेक्टर रवि त्यागी, उपनिरीक्षक अमित कुमार और अजीत कुमार की टीम ने लगातार जांच करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी नंदकिशोर उर्फ नंदा को राधापुरम बॉर्डर के पास से गिरफ्तार कर लिया, जहां वह फरार होने की फिराक में था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह हत्या लूटपाट की नीयत से की गई थी और विरोध करने पर आरोपी ने दिव्यांग युवक की जान ले ली।

Previous News

दिल्ली-NCR में मौसम का यू-टर्न! दिन में छाया अंधेरा, तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

Next News

एक महीने से पानी को तरसे लोग, गंदगी से फूटा गुस्सा; रुक्मिणी विहार में सड़कों पर उतरे कॉलोनीवासी