शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौ संरक्षण के मुद्दे को लेकर सरकारों और राजनीतिक दलों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि गौ माता की रक्षा करना किसी भी तरह की राजनीति नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, धर्म और संस्कृति से जुड़ा हुआ विषय है।
पुखरायां स्थित एक गौशाला एवं मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि यदि अपनी मां की सुरक्षा की बात करना राजनीति नहीं माना जाता, तो गौ माता के संरक्षण की मांग को राजनीतिक रंग देना भी गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें जनता के वोट से बनने के बावजूद गायों के संरक्षण को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही हैं।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गौभक्तों से अपील की कि वे गौ संरक्षण के लिए आगे आएं और इसे एक जन आंदोलन के रूप में मजबूत करें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह मुद्दा और अधिक महत्वपूर्ण होगा तथा समाज को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।