चित्रकूट में झांसी–मीरजापुर नेशनल हाईवे-35 पर मंदाकिनी नदी के पुराने संकरे पुल से लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए नए पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। पुराने पुल के समानांतर बनने वाला यह नया पुल 17.46 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। निर्माण कार्य को दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बनने से हाईवे पर यातायात सुगम होगा और श्रद्धालुओं सहित हजारों वाहन चालकों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
वर्तमान में पुल की चौड़ाई मात्र साढ़े छह मीटर है, जिससे भारी वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है और अक्सर लंबा जाम लग जाता है। नया पुल 120 मीटर लंबा और 18 मीटर चौड़ा होगा, जिसमें 6 पिलर बनाए जाएंगे। हाल ही में टेस्टिंग और डिजाइनिंग के बाद अब निर्माण कार्य तेज कर दिया गया है। एनएचएआई के इंजीनियर के अनुसार निर्माण कार्य समय पर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।