मथुरा के थाना शेरगढ़ क्षेत्र के गांव अगरयारा से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने दो विकलांग भाइयों को ट्रैक्टर से कुचलकर मारने की कोशिश की। जब दोनों भाइयों ने किसी तरह अपनी जान बचाई तो आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
घटना के दौरान परिवार के अन्य लोग बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी जमकर मारपीट की गई, जिसमें एक महिला समेत 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गांव के नामजद दबंगों ने पहले बच्चों से मारपीट की और विरोध करने पर पूरे परिवार पर हमला कर दिया।
पीड़ित ओमप्रकाश उर्फ लहरे ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया, जिससे उनके हौसले बुलंद हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।